रामेश्वर घाट में सरयू नदी में बहे युवक की ढूंढ़खोज करते पुलिस व एसडीआरएफ, एनडीआरएफ टीम। स्रोत:
लोहाघाट (चंपावत)। शव यात्रा में आया पिथौरागढ़ का एक व्यक्ति नहाते वक्त सरयू नदी की तेज धारा में बह गया। सूचना के बाद पुलिस, आपदा प्रबंधन और एसडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
बाराकोट चौकी प्रभारी एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम करीब चार बजे धमौड़ पिथौरागढ़ से श्याम राम की शव यात्रा में आया अर्जुन राम (42) पुत्र मोहन राम निवासी भट्यूड़ा थरकोट पिथौरागढ का सरयू नदी में नहाते वक्त पैर फिसल गया और वह नदी की तेज धारा में बह गया। एएसआई ने बताया कि शव यात्रा में आए विनय ने उसे बहते हुए देखा और मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण वह बहता चला गया। अर्जुन के सरयू नदी में बहने की सूचना मिलने के बाद पुलिस के साथ आपदा प्रबंधन और एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई है। उसे ढूंढ़ने का प्रयास किया जा रहा है।