बनबसा पुलिस टीम द्वारा दबोचा गया फर्जी फेसबुक आईडी बनाने का आरोपी रवींद्र कुमार।
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील पोस्ट करने के आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया। हिरासत में लेकर उसे सीआरपीसी के तहत नोटिस जारी किया गया है।
क्षेत्र की एक युवती ने 14 अक्तूबर को थाने में तहरीर सौंपी थी। इसमें अज्ञात व्यक्ति पर उसकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर सोशल मीडिया पर उसके परिजनों को आपत्तिजनक संदेश (मैसेज) पोस्ट कर उसके रिश्तेदारों को अश्लील वीडियो भेजने की शिकायत की थी। पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66 सी/ 67 ए के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी का पता लगा लिया। कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि बनबसा के गढ़ीगोठ निवासी रविंद्र कुमार (24) को हिरासत में लेकर उसे 41 सीआरपीसी के तहत नोटिस थमाया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि उक्त युवती के घरवालों को परेशान करने के लिए उसने फर्जी फेसबुक आईडी बना कर गलत संदेश, आपत्तिजनक वीडियो भेजे थे। बनबसा कोतवाल के अलावा साइबर प्रभारी वीरेंद्र सिंह रमोला, सर्विलांस कांस्टेबल सद्दाम हुसैन, भुवन पांडे आदि ने आरोपी का पता लगाया।