चंपावत। 15 से 17 वर्ष आयु समूह के बाद अब बुधवार को 12 से 14 वर्ष के बच्चों का कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण किया जाएगा। सभी चारों (चंपावत, लोहाघाट, पाटी और बाराकोट) ब्लॉकों में टीकाकरण का उद्घाटन होगा। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि टीकाकरण के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कोर्बेवैक्स वैक्सीन की 9900 खुराक मंगाई गई हैं। टीकाकरण के लिए 75 स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बताया कि जिले के आबादी में से 193857 (101.52 प्रतिशत) लोगों को कोरोना के टीके की पहली खुराक लग चुकी है। 180499 (93.11 प्रतिशत) लोगों को दोनों खुराकें दी जा चुकी हैं। इस वक्त जिले में कोई भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं हैं।
चंपावत जिले के कोरोना टीकाकरण संबंधी आंकड़े
श्रेणी- लक्ष्य- प्रथम खुराक- दूसरी खुराक
हेल्थ वर्कर्स: 2308- 2252- 2302
फ्रंटलाइन वर्कर्स: 8184- 7569- 7400
18 से अधिक उम्र:190955- 193857- 180499
15 से 17 वर्ष: 15516- 12505- 7374
टीका लगने के बाद ये सामान्य लक्षण, न घबराएं
चंपावत। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने कहा कि टीका लगाने में कतई न हिचके। टीका लगवाने के बाद हल्की कंपकंपी महसूस हो सकती है। हल्का बुखार, टीके वाली जगह पर मामूली सूजन, हल्का दर्द, थकान जैसे मामूली लक्षण हो सकते हैं। इन हालातों में बिल्कुल भी न घबराएं। ये लक्ष्मण दो दिन में खुद-ब-खुद चले जाते हैं।
पिथौरागढ़ में दो केंद्रों में बच्चों को लगेंगे टीके
पिथौरागढ़। जिले में अब 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों को कोर्बेवैक्स का टीका नगर के दो केंद्रों में लगाया जाएगा। जिले में 16307 लोगों को टीका लगाया जाना है। इसके लिए 16800 डोज स्वास्थ्य विभाग को दी चुकी हैं। प्रतिरक्षण सहायक मोहित पंत ने बताया कि बुधवार को रोडवेज स्टेशन और नगर पालिका में टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अन्य ब्लॉकों में होली के बाद टीकाकरण किया जाएगा।
टीकाकरण बचाव का सशक्त जरिया, लेकिन टाइमिंग पर उठ रहे सवाल
चंपावत। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण सबसे मजबूत सहारा है। इसी के चलते बुधवार से 12 से 14 वर्ष आयु समूह के बच्चों का टीकाकरण शुरू हो रहा है लेकिन इस टीकाकरण के शुरू होने के समय को लेकर अभिभावकों सहित कई लोग सवाल उठा रहे हैं। पहला सवाल अधिकतर जगह पर्याप्त संख्या में टीके नहीं पहुंचने का है। दूसरा प्रश्न स्कूल बंद होने के दौरान इस टीकाकरण को शुरू करना है और फिर त्योहार बाद स्कूल खुलने के बमुश्किल एक हफ्ते बाद बोर्ड परीक्षा शुरू हो जाएगी। ऐसे में टीकाकरण में समय जाया होगा। सबसे बड़ा सवाल रंग के पर्व होली से ऐन पहले इस टीकाकरण को शुरू करने पर उठ रहा है। रंगों के इस त्योहार का सबसे ज्यादा लुत्फ इसी (12 से 14 वर्ष) आयु वर्ग के बच्चे उठाते हैं।