चंपावत। प्रदेश में किसान लंबे समय से कर्ज माफी की मांग करते रहे हैं। कर्ज माफी तो नहीं हुई, मगर अब किसानों के लिए बेहद कम ब्याज दर पर ऋण की योजना शुरू हो गई है। मात्र 2 प्रतिशत ब्याज पर किसानों को कर्ज मिलेगा। इसको लेकर बाकायदा 28 नवंबर से किसान ऋण मेला शुरू होगा।
प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए इस साल अक्तूबर से पंडित दीन दयाल उपाध्याय कृषि ऋण योजना शुरू की है। इसके अंतर्गत किसानों को राहत देने के लिए बेहद सामान्य ब्याज दर पर कर्ज की योजना शुरू की है। योजना के अंतर्गत किसानों को 2 प्रतिशत की ब्याज दर पर कर्ज मिलेगा। जबकि शेष ब्याज को केंद्र सरकार, राज्य सरकार और नाबार्ड देगा।
सहकारिता विभाग के जिला सहायक निबंधक (एआर) पान सिंह राणा ने बताया कि 2.5 एकड़ से कम जमीन वाले काश्तकारों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके अलावा योजना की पात्रता के लिए यह जरूरी है कि किसान बकाएदार न हो। योजना में एक लाख रुपये तक का ऋण दिया जाएगा। इस कर्ज को पांच वर्ष में चुकाना होगा। किसान यूनियन की चंपावत जिला इकाई ने भी योजना को किसानों के लिए फायदेमंद बताया है।
दो दिनी किसान ऋण मेला कल से
चंपावत जिले में 28 नवंबर से दो दिवसीय कर्ज मेला शुरू होगा। सहायक निबंधक पान सिंह राणा ने बताया कि 28 नवंबर को लोहाघाट और 29 नवंबर को चंपावत में यह मेले लगेंगे। मेले में किसानों को कर्ज देने के साथ ही ऋण लेने वाले काश्तकारों के आवेदन पत्रों को जमा करने व अन्य किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।