टनकपुर (चंपावत)। बारहमासी सड़क निर्माण कार्य में लगी एक हाइड्रा मशीन बस्तिया के समीप कलमठ अनलोड करते समय अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में हेल्पर घायल हुआ है जबकि चालक चालक सुरक्षित बचा। इधर हाइड्रा के पलटने से टनकपुर-चंपावत राजमार्ग पर करीब सवा घंटा यातायात बाधित रहा। जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बारहमासी सड़क निर्माण में लगी हाइड्रा मशीन चल्थी से निर्मित कलमठ लेकर बस्तिया पहुंची जहां कलमठ अनलोड करते वक्त हाइड्रा सड़क पर ही पलट गई। बताया गया है हादसे में हाइड्रा में सवार बनीपुरा पश्चिम बंगाल निवासी हेल्पर शादित पुत्र पुताब अली घायल हो गया। जिसे अस्पताल ले जाया गया है। इधर हाइड्रा पलटने से बस्तिया के पास यातायात करीब सवा घंटे बाधित रहा। बाद में कार्यदायी ठेकेदार कंपनी की ही दूसरी मशीन से हाइड्रा को सड़क से हटाकर यातायात खोला गया। मार्ग बाधित होने से यात्री खासे परेशान हुए। कई यात्री बस्तिया में ही उतर घटना स्थल को पैदल पार कर दूसरे वाहनों से टनकपुर पहुंचे, जबकि चंपावत की ओर जाने वाले यात्रियों को मजबूरन मार्ग खुलने की प्रतीक्षा करनी पड़ी।