टनकपुर (चंपावत)।
मां श्री पूर्णागिरि धाम के टुन्यास क्षेत्र में बीते एक सप्ताह से पानी का संकट बना हुआ है, इससे दुकानदारों के साथ ही श्रद्धालुओं को भी पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। परेशान दुकानदारों ने जल संस्थान के अधिकारियों से शीघ्र जलापूर्ति सुचारु कराने का आग्रह किया है।
मां पूर्णागिरि धाम में वर्षभर श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। इन दिनों भी काफी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंच रहे हैं। इस बीच टुन्यास क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है। दुकानदार हरीश तिवारी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से जलापूर्ति ठप है। जैसे-तैसे वह पानी की व्यवस्था कर काम चला रहे हैं। दुकानों में पानी नहीं होने से जहां उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है, वहीं श्रद्धालुओं को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इधर, जल संस्थान के अवर अभियंता बीएस कुवार्बी का कहना है कि पूर्णागिरि मेले की तैयारी के तहत सभी पेयजल लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य चल रहा है। टुन्यास क्षेत्र में जलापूर्ति ठप है तो शीघ्र लाइन दुरुस्त करा जलापूर्ति सुचारु कराई जाएगी।