किरुली गांव में युवक की हत्या के आरोप में पिता-पुत्र गिरफ्तार, जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
पीपलकोटी/गोपेश्वर। किरुली गांव में युवक की हत्या के आरोप में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बताया कि उनकी युवक के साथ किसी बात पर कहासुनी हो गई थी और दोनों ने उसे पीटा और सिर पर डंडे से कई बार मारा जिससे उसकी मौत हो गई। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया है।
बुधवार रात को किरुली गांव का राजकिशोर (30) पुत्र दर्शन सिंह गांव के ही बलवंत सिंह के घर के आंगन में अचेत पड़ा मिला था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने बलवंत सिंह और उसके पुत्र राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली। पीपलकोटी चौकी प्रभारी मानवेंद्र गुसांई ने बताया कि आरोपियों ने बताया कि बुधवार रात को राजकिशोर शराब के नशे में बलवंत के घर गया था। बातचीत के दौरान उनमें कहासुनी होने लगी जिससे गुस्साए बलवंत और उसके पुत्र राहुल ने चारपाई के डंडे से राजकिशोर को पीटना शुरू किया। डंडे से सिर पर कई बार मारा जिससे उसकी मौत हो गई। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं राजकिशोर घर का इकलौता पुत्र था। वह बिजली फीटिंग और डीजे लगाने का काम करता था। उसके पिता सिक्योरिटी गार्ड से सेवानिवृत्त थे। इकलौते बेटे की हत्या से पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है।