चमोली जनपद में सबसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों की घाटी निजमुला के दस ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को बैंकिंग सेवा के लिए 18 किमी की लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। चमोली जिला सहकारी बैंक की ओर से घाटी के ब्यारा गांव में बैंक शाखा की स्थापना कर दी गई है। आगामी दो दिसंबर से बैंक का विधिवत संचालन शुरू हो जाएगा।
ईराणी गांव के ग्राम प्रधान मोहन सिंह नेगी ने बताया कि घाटी में ग्राम पंचायत गाड़ी, सैंजी, ब्यारा, निजमुला, गौणा, धारकुमाला, दुर्मी, पगना, पाणा और ईराणी गांव स्थित हैं। इन गांवों की बढ़ी आबादी मनरेगी जैसी योजनाओं से आय अर्जित करती है, लेकिन घाटी में बैंक शाखा न होने के कारण ग्रामीणों को मनरेगा मजदूरी के आहरण के लिए भी 18 किमी दूर चमोली बाजार के बैंकों में जाना पड़ता है। ऐसे में चमोली जिला सहकारी बैंक की शाखा खुलने से ग्रामीणों को बढ़ी राहत मिल जाएगी।
चमोली जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि लंबे समय से घाटी के ग्रामीण बैंकिंग सेवा शुरू करने की मांग उठा रहे थे। घाटी में बैंक खोलने की योजना एक वर्ष पूर्व से ही बनाई जा रही थी। सहकारिता मंत्री डा. धन सिंह रावत के सम्मुख बैंक शाखा खोलने का प्रस्ताव रखा, जिसे उन्होंने मंजूरी दी। अब दो दिसंबर से बैंक का विधिवत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।