कहा, स्कपर बनने से सीधे घरों में जाएगा पानी
अवर अभियंता ने ग्रामीणों की मांग के अनुरूप ही निर्माण का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणबगड़। भगोती-मौणा मार्ग के सुधारीकरण के तहत बनाए जा रहे स्कपर का कौब गली के ग्रामीणों ने विरोध किया और काम रुकवा दिया। कहा कि स्कपर निर्माण से सड़क का पानी सीधे घरों में घुस जाएगा। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता ने मौके पर पहुंचकर उनसे वार्ता की और ग्रामीणों की मांग के अनुरूप ही निर्माण कार्य कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद काम शुरू हुआ।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत नारायणबगड़-भगोती-मौणा मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। सड़क पर वन विभाग कार्यालय के समीप पीएमजीएसवाई की ओर से स्कपर का निर्माण किया जा रहा था मगर कौब गली के ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और काम रुकवा दिया। सोबन सिंह, रक्षित सती, रजनी देवी, उषा देवी, पंकज नेगी, मोहित रतूड़ी ने आदि ने कहा कि बरसात के दौरान सड़क का पानी सीधे स्कपर से होकर नीचे उनके घरों में घुस जाएगा जिससे नुकसान की आशंका है। पूर्व में भी यहां कई बार बरसात में घरों में पानी एवं मलबा घुस गया था। उन्होंने स्कपर निर्माण दूसरी जगह से करने की मांग की। सूचना पर मौके पर पहुंचे पीएमजीएसवाई के अभियंता प्रदीप पंवार ने ग्रामीणों के साथ वार्ता की और ग्रामीणों की मांग के अनुरूप ही निर्माण कार्य कराने पर आश्वासन दिया।