जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में चल रही है प्रतियोगिता
चमोली के चौड़ गांव की रहने वाली हैं सरोजनी
संवाद न्यूज एजेंसी
जोशीमठ। खेलो इंडिया के तहत जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में चल रही प्रतियोगिता में चमोली की सरोजनी ने उत्तराखंड को पहला गोल्ड मेडल दिलाया है। सरोजनी ने नेशनल स्नो शू चैंपियनशिप में पदक जीता है। दूसरी ओर स्कीइंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए उत्तराखंड की टीम गुलमर्ग रवाना हुई है।
सरोजनी के कोच मिथलेश पंवार ने बताया कि बर्फबारी के बीच शुरू हुई इस प्रतियोगिता में देवाल ब्लॉक के चौड़ गांव निवासी सरोजनी ने प्रतिभाग किया और गोल्ड मेडल हासिल किया। बेहद साधारण परिवार की सरोजनी ने सीमित संसाधनों के साथ तैयारी की और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। सरोजनी के पिता गंगा सिंह काश्तकार हैं और मां रुकमा गृहणी हैं। दूसरी ओर खेलो इंडिया के तहत स्कीइंग प्रतियोगिता के विभिन्न खेलों में प्रतिभाग करने के लिए उत्तराखंड की टीम गुलमर्ग के लिए रविवार को रवाना हो गई। 48 सदस्यीय टीम के साथ कोच, मैनेजर सहित अन्य अधिकारी भी शामिल हैं। स्कीइंग की प्रतियोगिताएं 21 से 25 फरवरी तक होंगी।