ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत पीपलकोटी बाजार में बदरीनाथ हाईवे पर निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। पिछले छह माह से यहां हाईवे के दोनों ओर नाली निर्माण न होने से गंदा पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुस रहा है।
हाईवे पर डामरीकरण कार्य भी पूरा नहीं हो पाया है। व्यापारियों और होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों का कहना है कि काम बेहद धीमी गति से हो रहा है। एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) ने बदरीनाथ हाईवे पर चौड़ीकरण कार्य लगभग पूरा कर लिया है। पीपलकोटी में बाजार को छोड़कर अन्य चट्टानी भागों में हाईवे के सुधारीकरण और चौड़ीकरण कार्य पूरा हो गया है। लेकिन बाजार क्षेत्र में काम को अधूरा छोड़ दिया गया है। बंड विकास संगठन के अध्यक्ष शंभू प्रसाद, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल शाह आदि ने बाजार क्षेत्र में ऑलवेदर रोड परियोजना का काम पूरा करने की मांग उठाई है। उन्होंने इस संबंध में गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत को भी ज्ञापन सौंपा है।