प्रांतीय रक्षक दल के प्रशिक्षित जवानों ने जिले में चारधाम यात्रा ड्यूटी आवंटित करने की मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा कल्याण विभाग की ओर से कई अप्रशिक्षितों को यात्रा मार्ग पर तैनाती दी जा रही है, जबकि प्रशिक्षित जवान ड्यूटी की आस लगाए हुए हैं। कहा गया कि यदि चारधाम यात्रा में प्रशिक्षित जवानों को ड्यूटी नहीं दी गई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
पीआरडी प्रशिक्षित त्रिलोक सिंह, अनूप सिंह, बलवंत सिंह राणा, सतेंद्र सिंह, ताजवर लाल और अनुसूया लाल ने कहा कि जिले के करीब 200 जवान वर्ष 1995 और 2001 में प्रांतीय रक्षक दल में प्रशिक्षण लेकर नियुक्त हुए। पूर्व में प्रशिक्षितों को ही चारधाम यात्रा के साथ ही विभिन्न विभागों में तैनात किया जाता था, लेकिन अब राजनैतिक हस्तक्षेप के चलते अप्रशिक्षितों को ड्यूटी आवंटित की जा रही है, जबकि प्रशिक्षित जवान घर में बैठे हुए हैं। इधर, जिला युवा कल्याण अधिकारी आनंद सिंह नयाल ने बताया कि चारधाम यात्रा के थाना, चौकियों के लिए 35 जवानों को आदेश जारी किए गए हैं। ये सभी जवान प्रशिक्षित हैं। आगे भी प्रशिक्षित जवानों को ही तैनाती दी जाएगी।