दशोली ब्लॉक के सरतोली गांव में जय भूमियाल देवता क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार को शुभारंभ हुआ। इस दौरान खेले गए उद्घाटन मैच में ठेली एकादश ने रांगतोली एकादश को पांच विकेट से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
सरतोली गांव के अस्थायी खेल मैदान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह रावत ने शुभारंभ किया। उन्होंने टूर्नामेंट में प्रतिभाग कर रही सभी टीमों को खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान किया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच ठेली एकादश और रांगतोली एकादश की टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर रांगतोली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 15 ओवर में टीम ने 80 रन जोड़े। इस आसान लक्ष्य को ठेली एकादश के खिलाड़ियों ने मात्र 10 ओवर में ही हासिल कर लिया। इस तरह ठेली एकादश ने मैच जीत लिया। इस मौके पर ग्राम प्रधान सरतोली विनीत देवी, टूर्नामेंट के अध्यक्ष यशवंत सिंह और कुंदन सिंह आदि मौजूद थे।