कर्णप्रयाग। नौटी रोड की शुरुआत में गदेरे पर बनी अपर बाजार पार्किंग खतरे की जद में है। पार्किंग के ऊपरी ओर से जहां भूस्खलन हो रहा है, गदेरे में बहकर आए बोल्डर पार्किंग को नुकसान पहुंचा रहे हैं वहीं पार्किंग के निचले हिस्से में जलभराव हो रहा है।
अपर बाजार में करीब डेढ़ दशक पूर्व गदेरे पर पार्किंग बनाई गई। इसके निचले हिस्से में बाद में पालिका ने पार्क बना दिया। जबकि सड़क वाले हिस्से में लोगों के वाहन खड़े होते हैं। इस बार यहां बारिश में गदेरे के पानी के साथ मलबा और बोल्डर आए जिससे पार्किंग को कई जगह नुकसान हुआ है। वहीं पार्क वाली सड़क कई जगह दरकी है। अब गदेरे पर बने पार्क में जलभराव हो रहा है। अपर बाजार निवासी अनिल खंडूड़ी, दिनेश जोशी आदि ने पार्किंग और पार्क के मरम्मत की मांग की। ताकि इसके आसपास और नीचे की बस्ती को खतरा न हो। दूसरी ओर ईओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र का निरीक्षण कर उचित निर्णय लिया जाएगा। संवाद