गोपेश्वर। जिले के एकमात्र स्पोर्ट्स स्टेडियम की बदहाल स्थिति बनी है। स्टेडियम में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। स्टेडियम में बच्चे भी रोज कई खेलों के अभ्यास के लिए पहुंचते हैं जिससे यहां हादसे का खतरा बना हुआ है।
प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी और बाल भवन के निदेशक विनोद रावत ने खेल विभाग को गड्ढों को भरने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 में स्टेडियम की करीब 150 मीटर दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी, उसे अभी तक नहीं बनाया जा सका है। पूर्व में यहां राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं होती थीं, लेकिन स्टेडियम बदहाल होने से प्रतियोगिताएं भी नहीं हो पा रही हैं। खेल विभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विक्रम सिंह चौधरी ने बताया कि जिला योजना में बजट की मांग की गई है। बजट मिलते ही गड्ढों को भर दिया जाएगा। संवाद