देवाल/नारायणबगड़। देवाल के विकासखंड के वाण के जंगल में लगी आग पर तीसरे दिन शनिवार सुबह काबू पा लिया गया है। आग बुझने के बाद वन विभाग ने चैन की सांस ली। वहीं नारायणबगड़ के मानूर, टेंटुड़ा के वन पंचायत के जंगलों की आग भी बुझा दी गई है।
वाण में तीन दिन से करीब दो से तीन हेक्टेयर आरक्षी वन क्षेत्र में लगी आग से लाखों की वन संपदा नष्ट हुई। आग को बुझाने के लिए वन विभाग व वाण के ग्रामीणों ने प्रयास किया। वाण के निवासी व सेवानिवृत डिप्टी रेंजर त्रिलोक बिष्ट ने बताया कि वाण के जंगल में अचानक लगी आग अनियंत्रित हो गई थी। खड़ी चट्टान के कारण आग बुझाने में तीन दिन लगे। ग्रामीण व वन विभाग की मेहनत रंग लाई।
उन्होंने लोगों से वनों को आग से बचाने के लिए सहयोग की अपील की। रेंजर मनोज देवराड़ी ने बताया कि आग को बुझा दिया गया है। वहीं नाराणबगड़ के मानूर, टेंटुड़ा के वन पंचायत के जंगलों में आग को काबू पा लिया गया है। यहां वन पंचायत में आग पर नियंत्रण नहीं होता तो आरक्षित वन क्षेत्र में आग के पहुंचने की संभावनाएं थी। रेंजर अखिलेश भट्ट ने बताया कि वन पंचायत की आग पर काबू पा लिया गया है। संवाद