बर्फ से ढका प्रसिद्घ हेमकुंड साहिब।
- फोटो : GOPESHWAR
हेमकुंड साहिब के कपाट आगामी 22 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। पूर्व में हेमकुंड साहिब के कपाट प्रतिवर्ष 25 मई को खोल दिए जाते थे, लेकिन दो साल तक कोरोना संक्रमण के कारण यात्रा प्रभावित होने से इस बार कपाट नियत तिथि से तीन दिन पहले खोले जा रहे हैं।
गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि 22 मई को हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। सेना और सेवादारों की ओर से हेमकुंड साहिब के तीन किलोमीटर पैदल ट्रेक से बर्फ हटाने का काम लगभग 15 अप्रैल से शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हेमकुंड में अभी भी आठ से दस फीट तक बर्फ जमी है। गोविंदघाट गुरुद्वारे से लेकर घांघरिया तक 13 किलोमीटर पैदल ट्रेक से बर्फ पिघल गई है, लेकिन हेमकुंड साहिब से तीन किलोमीटर पहले से ही रास्ते पर कई फीट बर्फ जमी हुई है। हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने से पूर्व यात्रा व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर ली जाएंगी। शासन-प्रशासन से भी इस संबंध में वार्ता की जा रही है।