संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। बीते तीन सितंबर को तहसील के सिमली बाजार में अतिवृष्टि से सड़क में आए मलबे की सफाई कछुआ गति से किए जाने और क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को दुरुस्त नहीं किए जाने की शिकायत पर तहसीलदार सुधा डोभाल ने आकस्मिक निरीक्षण किया।
तहसीलदार सुधा डोभाल ने आपदाग्रस्त सिमली बाजार का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नगर पालिका कर्णप्रयाग और जल संस्थान विभाग की ओर से किए जा रहे कछुआ गति से हो रहे कार्य पर नाराजगी जताई।
उन्होंने विभागीय कर्मियों से त्वरित गति से कार्य को संपादित करने के निर्देश दिए। इस दौरान व्यापार संघ अध्यक्ष राजेंद्र सिंह मिंगवाल, पूर्व क्षेपंस मनोज पुंडीर, गोपाल चौधरी आदि ने तहसीलदार से सड़क में उड़ रही धूल और बाजार में लगभग पांच दशक पूर्व राहगीरों के लिए बनाई गई पानी की टंकी को दुरस्त करने की मांग की। संवाद।