नारायणबगड़। मोबाइल ज्यादा देखने पर परिजनों ने किशोरी को डांट दिया तो उसने गुस्से में आकर घर में बल्ली पर चुन्नी से लटककर जान दे दी। घटना से घर और गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार कक्षा नौवीं की छात्रा घर में सोमवार देर शाम को मोबाइल देख रही थी। ज्यादा देर तक मोबाइल देखने पर परिजनों ने उसे डांट दिया। वह गुस्सा होकर पहले मंजिल में बने अपने कमरे में चली गई। बेटी जब काफी देर तब बाहर नहीं आई तो कमरे में जाकर देखा। वहां किशोरी कमरे में बल्ली पर चुन्नी के सहारे लटकी हुई थी। इससे घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोरी की मौत हो चुकी थी। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। मंगलवार को एसआई संदीप देवरानी ने शव पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल कर्णप्रयाग भेज दिया। संवाद