दो दिन से चमोली जिले का मौसम बदला हुआ है। शुक्रवार सुबह बदरीनाथ धाम की चोटियों पर बर्फबारी हुई जिससे धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। साथ ही निचले इलाकों में भी ठंड का अहसास हो रहा है।
बृहस्पतिवार शाम और रात को तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई। शुक्रवार को भी मौसम बदला रहा और बदरीनाथ धाम से लगी पहाड़ियों पर बर्फ गिर गई। इसके अलावा हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी में भी बर्फबारी हुई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने से निचले इलाकों में भी ठंडी हवा चल रही है। रात को भी बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।