भविष्य बदरी के रहने वाले सौरभ सिंह साइकिल से गंगा सागर पहुंच गए हैं। गो गंगा की यात्रा पर निकले सौरभ ने 33 दिनों में 3300 किलोमीटर का सफर तय किया है।
जोशीमठ ब्लाक के सुभाई गांव निवासी सौरभ सिंह ने भविष्य बदरी से पांच नवंबर को अपनी यात्रा शुरू की थी। वह साइकिल से गंगा सागर, कन्याकुमारी से दिल्ली तक जाएंगे। वह अपनी यात्रा के पहले पड़ाव गंगा सागर पहुंच गए हैं। सौरभ की यात्रा का उद्देश्य ऋषि गंगा की आपदा और कोविड में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देने, गो गंगा की स्वच्छता व संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाना है। सौरभ ने बताया कि वह 33 दिनों में गंगा सागर पहुंच गए हैं। 3300 किमी की इस यात्रा को पूरा करने के बाद वह कन्याकुमारी के लिए निकलेंगे और वहां से दिल्ली तक का सफर साइकिल से तय करेंगे।