कलक्ट्रेट स्थित शहीद पार्क में डीएम स्वाति एस भदौरिया सहित कई अधिकारियों और नागरिकों ने कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कारगिल शहीद कृपाल सिंह के पुत्र अमित रावत और श्रीलंका में शहीद हुए सुरेंद्र सिंह की पत्नी शांति राणा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कोरोना के कारण इस बार शौर्य दिवय सादगी से मनाया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कारगिल में बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को देश कभी भुला नहीं सकता। सीमा पर मुस्तैद सैनिकों की बदौलत देश सुरक्षित है। सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सूबेदार (औ. सूबेदार मेजर) कलम सिंह ने कहा कि कारगिल के दुर्गम क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना को 26 जुलाई को भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस का प्रदर्शन करते हुए मार भगाया था। इस अभियान में चमोली जिले के 11 सैनिकों ने अपना बलिदान दिया। कहा कि कारगिल युद्ध में देश के 527, उत्तराखंड के 75 और चमोली जनपद के 11 जवानों ने शहादत दी थी। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र लाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट अभिनव शाह, एडीएम हेमंत वर्मा, सीओ पुलिस धन सिंह तोमर के साथ ही कई अधिकारी मौजूद थे।