नारायणबगड़। ब्लॉक के 28 विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापकों ने राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड के निर्णय के बाद प्रभारी पदों को छोड़ते हुए त्यागपत्र खंड शिक्षा अधिकारी को दिया।
संघ के ब्लाॅक अध्यक्ष प्रकाश सिंह रावत, संरक्षक भरत प्रसाद गौड़, ब्लाॅक मंत्री भरत सिंह नेगी और बीरेंद्र सिंह नेगी आदि ने कहा कि राजकीय शिक्षक संघ लंबे समय से प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापकों के पदों पर शत-प्रतिशत पदोन्नति, एलटी से लैक्चर के पदों पर पदोन्नति, 5400 ग्रेड पे धारक एलटी ग्रेड तथा प्रवक्ता को राजपत्रित घोषित करना, यात्रा अवकाश को बहाल करना, प्रोन्नत वेतनमान पर एक समान वेतन वृद्धि, पुरानी पेंशन बहाली समेत कई मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। मगर सरकार की ओर से मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस दौरान संघ के ब्लाॅक उपाध्यक्ष हरीश सती, उपाध्यक्ष महिला बीना गुसाईं, संयुक्त मंत्री अपर्णा सती, प्रदीप नेगी, नवल आर्य, बृजमोहन मैठाणी और कमलेश सती आदि शिक्षक मौजूद थे। संवाद
चरणबद्ध तरीके से तेज किया जा रहा है आंदोलन : रावत
श्रीनगर। राजकीय शिक्षक संघ टिहरी के जिलाध्यक्ष दिलवर सिंह रावत ने कहा कि राजकीय शिक्षक संघ का विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि संगठन के चरणबद्ध आंदोलन के समर्थन में जनपद टिहरी के 233 में से 226 प्रभारी प्रधानाचार्यों ने प्रधानाचार्य का अतिरिक्त कार्य छोड़ दिया है। अब सभी छात्र हित में केवल अपना अध्यापन का मूल कार्य ही करते रहेंगे। कहा कि गैर शैक्षणिक कार्यों में अब शिक्षक प्रतिभाग नहीं करेंगे। साथ ही पदोन्नति, यात्रा अवकाश, अंतर मंडलीय स्थानांतरण, वेतन विसंगति, तदर्थ सेवाओं का लाभ मांगों के निस्तारण तक कोई भी अतिरिक्त कार्य नहीं किया जाएगा।