प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार भास्कर खुल्बे ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। रेलवे अधिकारियों ने मुख्य सलाहकार परियोजना की कार्यप्रगति का ब्यौरा दिया। भास्कर खुल्बे ने अधिकारियों को मानको और गुणवत्ता पर खरा उतरते हुए निर्धारित समयावधि में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने त्रिवेणी घाट पर संध्याकालीन आरती में शामिल होकर मां गंगा का आशीर्वाद लिया।
बुधवार को प्रधानमंत्री के सलाहकार भास्कर खुल्बे ने शिवपुरी में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। रेल विकास निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी ने भास्कर खुल्बे को बताया कि सभी नौ पैकेज पर परियोजना का कार्य काफी तेजी के साथ चल रहा है। उन्होंने बताया कि 14 किलोमीटर से अधिक रेल सुरंग का निर्माण हो गया है। परियोजना प्रबंधक ने प्रधानमंत्री के सलाहकार को बताया कि निर्धारित समयावधि वर्ष 2024 तक परियोजना योजना का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद भास्कर खुल्बे शाम को त्रिवेणी घाट पर सांध्यकालीन आरती में शामिल हुए। यहां गंगा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राहुल शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण और गंगा आरती दौरान सचिव प्रधानमंत्री कार्यालय में अंडर सचिव मंगेश घिल्डियाल, पर्यटन सचिव उत्तराखंड दिलीप जावलकर, जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार, उपजिलाधिकारी डॉ. अपूर्वा पांडेय, लेखपाल सतीश जोशी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के सलाहकार ने जीएमवीएन के गंगा रिसोर्ट में रात्रि विश्राम किया।