विकासखंड पोखरी के अंतर्गत पोखरी-हरिशंकर सड़क बनने के 13 साल बाद भी डामरीकरण की राह ताक रही है। सड़क पर बनखुरी से आगे आज तक न तो पक्की हुई और न ही उसका सुधारीकरण किया गया। ग्रामीण आज भी सड़क पर गड्ढों में धूल भरा सफर करने को मजबूर हैं।
पोखरी-हरिशंकर मोटर मार्ग 13 साल पहले बनकर तैयार हो गई थी, लेकिन बनखुरी से हरिशंकर तक करीब साढ़े चार किमी सड़क को पक्का नहीं किया गया। इस सड़क से एक दर्जन से अधिक गांव के लोग सफर करते हैं। लोनिवि पोखरी अभी तक सड़क पर तारकोल नहीं बिछा पाया है। सड़क कच्ची होने से उस पर गड्ढे बने हुए हैं। सड़क को लेकर क्षेत्रीय विधायक महेंद्र भट्ट ने बताया कि सड़क पर डामरीकरण के लिए पैसा स्वीकृत हो चुका है, इसके टेंडर हो चुके हैं। जल्द सड़क पर काम शुरू कर दिया जाएगा। क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा चौधरी, प्रधान देवेंद्र लाल, तामवर राणा, कमल सिंह आदि का कहना है कि डामरीकरण होने में समय लगेगा, इसलिए फिलहाल सड़क के गड्ढे भरवाए जाए।