बदरीनाथ यात्रा का वैकल्पिक मार्ग नंदप्रयाग-कोठियालसैंण इस तरह पड़ा बदहाल। यात्रियों को हिचकोल?
- फोटो : GOPESHWAR
चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा का वैकल्पिक मार्ग बदहाल है। नंदप्रयाग-सैकोट-कोठियालसैंण (10 किमी) सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। सड़क से डामर भी पूरी तरह से उखड़ गया है। इस सड़क पर कहीं भी वाहनों की सुरक्षा के लिए स्टील गार्डर भी नहीं लगाए गए हैं जबकि यात्रा के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही भी इसी मार्ग से होती है।
बदरीनाथ हाईवे पर नंदप्रयाग से चमोली बाजार तक कई स्थानों पर ऑलवेदर रोड परियोजना का काम लगातार जारी है। चमोली चाड़ा, बाजपुर और मैठाणा में हिल कटिंग का काम चल रहा है। यहां यात्रा के दौरान बार-बार जाम की स्थिति बनी रहती है। पुलिस प्रशासन की ओर से यात्रा मार्ग के अवरुद्ध होने पर वाहनों की आवाजाही नंदप्रयाग-सैकोट-कोठियालसैंण मार्ग से की जाती है लेकिन इस मार्ग की कोई सुध नहीं ली जा रही है। यह मार्ग बेहद संकरा है। सैकोट गांव में सड़क आवाजाही मकानों के बीच से होकर गुजरती है जिससे भारी वाहनों को गुजरने में दिक्कत होती है। सामाजिक कार्यकर्ता चंडी प्रसाद थपलियाल, द्वारिका प्रसाद पुरोहित, उमेश सती का कहना है कि नंदप्रयाग से सैकोट गांव तक सड़क बेहद तंग हालत में है। यात्रा शुरू होने से पहले इस सड़क का सुधारीकरण किया जाना जरूरी है। कई स्थानों पर आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त पुश्तों की मरम्मत का काम भी नहीं किया गया है जिससे यात्रा के दौरान वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें आ सकती हैं।