उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी स्व. चंद्र सिंह यायावर की छठवीं पुण्य तिथि पर ब्लाक सभागार में गोष्ठी और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यायावर जन चेतना समिति द्वारा आयोजित समारोह में स्व. चंद्र सिंह यायावर स्मृति सम्मान प्रसिद्ध धावक सुरेंद्र सिंह भंडारी को दिया गया।
शनिवार को आयोजित समारोह में मौजूद ब्लॉक प्रमुख सुमति बिष्ट ने कहा कि सुरेंद्र सिंह भंडारी ने राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि एशियाई और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में पदक जीतकर गैरसैंण क्षेत्र का ही नहीं बल्कि राज्य और देश का नाम रोशन किया है। समारोह में ग्राम स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए महिला मंगल दल कुशरानी और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने के लिए राबाइंका गैरसैंण की प्रधानाचार्या शकुंतला रावत को विशिष्ट सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर यायावर जन चेतना समिति के राहुल रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा सिंह पंवार, पूर्व प्रमुख जानकी रावत, पुरूषोत्तम असनोड़ा, सुरेंद्र सिंह नेगी, बिसरजन बुटोला, सीएस भंडारी आदि मौजूद थे।