राज्यसभा सांसद के आश्वासन पर ग्रामीणों का धरना समाप्त
सड़क के लिए चंद्रशिला पट्टी के ग्रामीण एक माह से कर रहे थे आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
पोखरी। नौली-धोतीधार सड़क के लिए 35 दिनों से चल रहा ग्रामीणों का धरना राज्यसभा सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के आश्वासन पर समाप्त हो गया। महेंद्र भट्ट ने कहा कि सड़क निर्माण की मुख्यमंत्री ने भी घोषणा कर दी है। दस किमी सड़क का निर्माण दो चरणों में होगा। जल्द इसका शासनादेश करा दिया जाएगा।
चंद्रशिला पट्टी के 40 से अधिक गांव के लोग 10 फरवरी से लोनिवि पोखरी के गेस्ट हाउस परिसर में धरने पर बैठे हुए थे। बृहस्पतिवार को महेंद्र भट्ट धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने सड़क का काम तत्काल शुरू कराने का आश्वासन दिया। कहा कि पहले चरण में पांच किमी सड़क बनेगी जिसका शासनादेश जल्द हो जाएगा। शेष पांच किमी सड़क दूसरे चरण में बनाई जाएगी। महेंद्र भट्ट ने कहा कि सीमांत चमोली जिले के ग्रामीण सड़कों के लिए आंदोलन न करें। जिले में निर्माणाधीन व स्वीकृत सड़कों का निर्माण शुरू कराना मेरी प्राथमिकता रहेगी। जल्द ही जिले के सबसे दूरस्थ डुमक, कलगोठ, पाणा और ईराणी गांव भी सड़क से जुड़ जाएंगे। महेंद्र भट्ट के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष धीरेंद्र राणा, देवेंद्र राणा, पाटी जखमाला के प्रधान प्रेम सिंह, इंद्रेश राणा, नैल के प्रधान संजय रमोला, नौली के प्रधान सत्येंद्र नेगी, मसोली के प्रधान देवेंद्र लाल, कांडई चंद्रशिला के प्रधान नवीन राणा, रौता के प्रधान बीरेंद्र राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।