राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में तालाबंदी कर प्रदर्शन करते एनएसयूआई के छात्र।
- फोटो : GOPESHWAR
श्रीदेव सुमन विवि के गोपेश्वर परिसर में विभिन्न सेमेस्टर में फीस माफ करने की मांग को लेकर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन पर सांकेतिक तालाबंदी की। मामला बढ़ता देख पुलिस टीम दो छात्र नेताओं को अपने साथ थाने ले गई। वार्ता के बाद महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की मांग को विवि प्रशासन के समक्ष रखने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद छात्रों ने तालाबंदी समाप्त कर दी।
एनएसयूआई के छात्र दो सप्ताह से बीए प्रथम वर्ष के द्वितीय, चतुर्थ व छठवें सेमेस्टर और एमए के द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की फीस माफ करने की मांग करते आ रहे हैं। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रावास का संचालन तो शुरू कर दिया गया, लेकिन फीस माफी पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। इससे आक्रोशित छात्रों ने सोमवार सुबह 11 बजे महाविद्यालय परिसर में विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन पर सांकेतिक तालाबंदी कर दी। महाविद्यालय परिसर में पुलिस टीम के साथ मौजूद एसएसआई संजीव चौहान मामला बढ़ते देख पूर्व महासंघ उपाध्यक्ष व विवि प्रतिनिधि विपिन फरस्वाण और एनएसयूआई के जिला संयोजक सुमित असवाल को अपने वाहन से थाने ले गए। इसके बाद अन्य छात्रों ने फीस माफी के संबंध में महाविद्यालय प्रशासन से वार्ता की। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डा. एमके उनियाल ने छात्रों की मांग को विवि प्रशासन के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। वहीं पुलिस की ओर से करीब आधे घंटे बाद छात्र नेताओं को छोड़ दिया गया। इस मौके पर संदीप खनेड़ा, राजेंद्र, सुमित, रोहित, सचिन, शिवम, आदित्य, अमन, शिवांश, आसुतोष, रोहित, प्रिया, संध्या, वंशिका, पार्थ आदि मौजूद थे।