भूस्खलन के कारण दो सप्ताह से बंद पड़ी जौरासी-तोणजी सड़क से अब किमोठा गांव खतरे की जद में आ गया है। लगातार हो रही बारिश से गांव के समीप गदेरे में भू-कटाव हो रहा है। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन भेजकर सुरक्षा के उपाय करने की मांग की।
किमोठा गांव के प्रधान मधुसूदन किमोठी, विनोद लाल, तोणजी के प्रधान मुकेश नेगी, उप प्रधान दिगपाल सिंह, महिला मंगल दल अध्यक्ष गणेशी देवी, सत्येंद्र नेगी, मातबर सिंह और हुकुम नेगी ने कहा कि सड़क का गलत समरेखण, सुरक्षा दीवार और नालियों का निर्माण न होने से सड़क का पानी और मलबा गांव तक पहुंच रहा है। साथ ही बारिश से गदेरे में भू-कटाव हो रहा है। वहीं दो सप्ताह से सड़क बंद होने के कारण लोग दैनिक जरूरत के सामान के लिए दस किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर चांदनीखाल बाजार पहुंच रहे हैं। उन्होंने किमोठा गांव के समीप सड़क पर सुरक्षा दीवार बनाने, नालियों और स्कबर निर्माण करने के साथ सड़क को यातायात के लिए जल्द से जल्द खोलने की मांग की है। इधर, लोनिवि के सहायक अभियंता सत्यपाल सिंह का कहना है कि मौसम सामान्य होने पर सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। किमोठा गांव के समीप भू-कटाव और भूस्खलन को रोकने के उपाय किए जाएंगे।