नारायणबगड़-नलगांव के बीच चौड़ीकरण के दौरान दरकी चट्टान
संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणबगड़। नारायणबगड़-नलगांव के बीच चौड़ीकरण के दौरान मौणाछीड़ा में चट्टान का एक हिस्सा टूटने से कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे करीब तीन घंटे बंद रहा। ऐसे में हाईवे के दोनों तरफ करीब 2-2 किमी तक वाहनों का जाम लग गया। ऐसे में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इन दिनों नारायणबगड़-नलगांव के बीच हाईवे चौड़ीकरण का काम चल रहा है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे चौड़ीकरण के काम के दौरान मौणाछीड़ा में चट्टान का एक हिस्सा टूटकर हाईवे पर आ गिरा और आवाजाही बंद हो गई। वाहन चालकों ने प्रशासन को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची बीआरओ की जेसीबी ने बोल्डर हटाने के लिए दोनों ओर जेसीबी लगाई। इस दौरान यहां दोनों ओर दो-दो किमी तक वाहनों की लाइन लग गई। ऐसे में कर्णप्रयाग और नारायणबगड़ की ओर जाने वाले लोग परेशान रहे। जेसीबी ने अपराह्न तीन बजे मलबा हटाकर यहां हाईवे खोला और आवाजाही शुरू हुई। स्थानीय निवासी संजय कंडारी, धर्म सिंह, जेएस मनराल ने कहा कि मोणाछीड़ा में हाईवे के ऊपर झूलती चट्टान खतरे का सबब बनी हैं। यहां से गुजरते समय वाहनों के ऊपर पत्थर गिरने का डर बना रहता है। वहीं बीआरओ के अवर अभियंता सुमित कुमार ने बताया कि कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे पर आवाजाही सुचारु कर दी गई है।