बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद औली के प्राकृतिक सौंदर्य में निखार आ गया है। क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए औली के होम स्टे में पर्यटकों ने एडवांस बुकिंग करनी शुरू कर दी है। क्रिसमस और नए साल के लिए अभी से ही 50 प्रतिशत से ज्यादा होम स्टे फुल हो गए है। इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटक औली का रुख कर रहे हैं, जिससे यहां दिनभर चहल-पहल बनीं हुई है।
बीते वर्ष जनवरी माह में जोशीमठ भू-धंसाव के चलते औली सहित अन्य पर्यटन स्थल सूने पड़े रहे था। अच्छी बर्फबारी होने के बाद भी पर्यटकों ने औली का रुख नहीं किया था। जिससे पर्यटन से जुड़े व्यवसायियों को नुकसान झेलना पड़ा था। लेकिन इस वर्ष औली फिर से गुलजार हो उठा है। यहां पर्यटकों की चहल-पहल होने से व्यवसायियों के चेहरे खिल गए हैं।
पर्यटक टीवी टावर के पास अपने वाहनों को पार्किंग में खड़े कर औली के सैर-सपाटे के लिए जा रहे हैं। औली में होम स्टे संचालक विवेक पंवार, सुभाष पंवार और अनूप बिष्ट ने बताया कि क्रिसमस और नए साल के लिए पर्यटकों की ओर से एडवांस बुकिंग आनी शुरू हो गई है। बर्फबारी होती है तो पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।