गोपेश्वर के समीप दीन दयाल पार्क के नीचे गौशाले तक पहुंची आग को पानी से बुझाती महिला।
- फोटो : GOPESHWAR
पपड़ियाणा के जंगल में लगी आग विकराल होने से आग अब घरों और गोशालाओं तक पहुंच गई है। बुधवार को घर और गोशाला तक पहुंची आग को स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में पानी डालकर बुझा दिया। वहीं वन विभाग के कर्मचारी जंगल की आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन चट्टान से पत्थर गिरने के कारण उन्हें आग काबू करने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। फिर भी देर शाम तक आग को काबू नहीं किया जा सका था।
बुधवार को किसी ने गोपेश्वर के नीचे पपड़ियाणा के जंगल में आग लगा दी। जंगल की सूखी घास में लगी आग तेजी से गोपेश्वर गांव स्थित दीनदयाल पार्क तक पहुंच गई। वहां लोगों के मकान और गोशालाएं हैं। स्थानीय निवासी संग्रामू लाल, बच्चू लाल, पदमा देवी, विरमा देवी की गोशाला के पास आग पहुंचने पर वहां लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से पानी लेकर आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने आग को घरों तक आने से पहले ही बुझा दिया, लेकिन यहां लगाए फलदार और अन्य पेड़ पौधे जल गए। लोगों का कहना है कि दिन में आग लगने का पता चल गया, जिसे उन्होंने बुझा दिया गया। यदि रात को आग लगी होती तो उनकी गोशाला के साथ घरों को भी नुकसान हो सकता था। वहीं वन विभाग के कर्मचारी भी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन आग लगने से खड़ी चट्टान से पत्थर गिरने के कारण कर्मचारियों को पीछे हटना पड़ा। देर शाम तक कर्मचारी आग बुझाने में जुटे रहे।