बगोली-कोटी सड़क का पीएमजीएसवाई कर रहा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। तहसील के बगोली-कोटी सड़क के सुधारीकरण से सड़क से सटे गांवों के किसानों और ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। सड़क कटिंग के कारण ग्रामीणों के खेत धंसने लगे हैं जबकि जीआईसी जयपुर-कोल्सों के भवन को भी खतरा हो गया है।
बगोली से कोटी तक करीब 11 किमी सड़क का सुधारीकरण कार्य प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत करीब 9 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। ग्राम प्रधान गौतम मिंगवाल ने बताया कि सड़क कटिंग गांव से नीचे की जा रही है। इस कारण जेंटा और मटियाला गांव के किसान जगदीश लाल, भवानी देवी और रमेश लाल की लगभग 5 नाली उपजाऊ भूमि धंसने लगी है। किसानों के पास इतनी ही भूमि है। अगर सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए तो किसान भूमिहीन हो जाएंगे। वहीं जीआईसी इंटर काॅलेज भूस्खलन की जद में है। बताया कि कार्यदायी संस्था पीएमजीएसवाई कर्णप्रयाग और राजस्व विभाग से संयुक्त निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों को क्षति का मुआवजा और अन्यत्र भूमि देने के अलावा जीआईसी के नीचे सुरक्षा कार्य कराने की मांग की थी। मगर एक माह बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी। पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि बगोली-कोटी सड़क के पास ग्राम पंचायत मटियाला में किसानों की क्षतिग्रस्त भूमि का निरीक्षण कर सुरक्षा दीवार बनवाई जाएगी।