ग्रामीणों की पदयात्रा पहुंची बांसा और देवग्राम गांव
18 को कलेक्ट्रेट परिसर में विशाल प्रदर्शन का एलान
संवाद न्यूज एजेंसी
जोशीमठ/गोपेश्वर। डुमक गांव को सड़क से जोड़ने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर पीएमजीएसवाई के अधिकारियों का पुतला फूंका। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक सड़क का एलाइनमेंट (समरेखण) नहीं बदला जाता आंदोलन जारी रहेगा। मंगलवार को मांग को लेकर निकाली गई पदयात्रा उर्गम घाटी के बांसा गांव पहुंची। ग्रामीणों ने यहां बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई। इसके बाद यात्रा देवग्राम पहुंची।
बांसा गांव में हुई बैठक में पदयात्रा दल के सदस्य योगंबर सिंह और अंकी भंडारी ने कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से सैंजी लग्गा मैकोट-बेमरु-स्यूण-डुमक-कलगोठ सड़क निर्माण में अनावश्यक लेटलतीफी की जा रही है। आज भी ग्रामीणों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए 20 किमी से अधिक की दूरी तय करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में पदयात्रा कर शासन-प्रशासन को नींद से जगाने का काम किया जा रहा है। 18 जनवरी को जिला मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीणों ने सैंजी लग्गा मैकोट सड़क से पर्यटन ग्राम थैंग को भी जोड़ने की मांग उठाई।