दशोली ब्लाक के फरस्वाणफाट क्षेत्र में भूस्खलन होने से दो दिनों से बंद पड़ी चमोली-लासी-सरतोली सड़क वाहन चालकों ने श्रमदान कर सुचारु कर दी है। बुधवार को वाहन चालकों ने सड़क से मलबा और बोल्डरों को हटाकर वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई।
मजोठी गांव के समीप 13 दिसंबर को अचानक भूस्खलन हो गया था, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई थी। जनप्रतिनिधियों ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी, लेकिन पीएमजीएसवाई की ओर से सड़क खोलने के कोई प्रयास नहीं किए गए। सड़क बंद होने से सेम डुंगरा, नैथोली, ठेली, मैड़ और सरतोली गांव के ग्रामीणों की आवाजाही ठप पड़ गई थी। बुधवार को क्षेत्र के वाहन चालकों ने बैठक कर श्रमदान कर सड़क खोलने का निर्णय लिया और देर शाम तक श्रमदान कर सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया। वाहन चालक नवीन बिष्ट, प्रमोद, राजेंद्र और कुंदन बिष्ट का कहना है कि ब्लॉक से लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों से सड़क खुलवाने की गुहार लगाई, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस मौके पर यशवंत बिष्ट, राजेंद्र बारी, बीरेंद्र सोकार, पूरण सिंह और प्रीतम सिंह आदि मौजूद थे।