जल जीवन मिशन के तहत बन रही 4.46 करोड़ की पेयजल योजना
12 किमी पेयजल योजना का दो किमी का काम बाकी
संवाद न्यूज एजेंसी
गैरसैंण। नगर के लिए निर्माणाधीन 12 किमी पेयजल योजना का काम तेजी से हो रहा है। योजना के तहत महज दो किमी का निर्माण होना बाकी है। यदि काम में यही तेजी रही तो एक माह में काम पूरा हो जाएगा। इससे नगर की सात हजार से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा। जल्द पेयजल संकट दूर होगा।
नगर के लंकाधार, मुख्य बाजार सहित अधिकतर वार्डों में पेयजल संकट रहता है। गरमियों में विभाग को टैंकर से पानी की आपूर्ति करानी पड़ती है। समस्या के समाधान के लिए नगर के लिए जल जीवन मिशन के तहत 4.46 करोड़ की पेयजल योजना का निर्माण एक साल से सिलकोट गदेरे से किया जा रहा है। 12 किमी लंबी लाइन के साथ ही 300 केएल क्षमता का टैंक भी बनना है। रामचंद्र गौड़, व्यापार संघ व कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट ने जल्द पेयजल योजना का निर्माण पूरा करने की मांग की। वहीं जल संस्थान के सहायक अभियंता दिनेश पुरोहित व अवर अभियंता हेमंत ने कहा कि मौसम ठीक रहा तो यह योजना एक माह में पूरी हो जाएगी। बरसात में निर्माणाधीन योजना के स्रोत को नुकसान पहुंचा है जिसकी मरम्मत का काम गतिमान है। दो किमी लाइन का निर्माण कार्य बाकी है। विधायक अनिल नौटियाल ने विभाग व ठेकेदार को शीघ्र योजना पूरी कर गैरसैंण में जलापूर्ति करने के निर्देश दिए।