ग्राम टंगसा में पौधरोपण करते जिलाधिकारी हिमांशु खुराना।
- फोटो : GOPESHWAR
चिपको नेता और वृक्ष ऋषि स्व. चक्रधर तिवारी स्मृति वन का जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने उद्घाटन किया। डीएम ने कहा कि चिपको आंदोलन की भूमि में पर्यावरण के प्रति सजगता सराहनीय है। जन सहभागिता के साथ आगे भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बेहतर कार्य करने के पूरे प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान डीएम और अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ पौधरोपण किया।
स्व. चक्रधर तिवारी की स्मृति में ग्राम टंगसा में अलकनंदा वन प्रभाग और टंगसा वन पंचायत की ओर से 10 हेक्टेयर भूमि पर स्मृति वन तैयार किया गया है। इस दौरान डीएम ने वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता मुरारी लाल और पूर्व विधायक कुंवर सिंह नेगी को शॉल भेंटकर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चैहान ने कहा कि टंगसा में पर्यावरण संरक्षण के लिए की जा रही जन सहभागिता से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। इस दौरान डीएफओ बदरीनाथ आशुतोष सिंह, डीएफओ अलकनंदा सर्वेश कुमार दुबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुण चौधरी, संयुक्त मजिस्ट्रेट अभिनव शाह, जिला शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी, जिला उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी वृजेंद्र पांडेय, पूर्व जिपं सदस्य ऊषा रावत आदि मौजूद रहे।