क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉक मुख्यालय पोखरी में आधार कार्ड, गोल्डन कार्ड और दिव्यांग कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाने की मांग की है। उन्होंने जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में कहा है कि ब्लॉक में यह कार्ड नहीं बनने से लोग काफी परेशान हैं।
स्थानीय प्रतिनिधियों का कहना है कि हर काम में आधार कार्ड की जरूरत पड़ रही है, लेकिन ब्लॉक में यह कार्ड नहीं बन रहे हैं, जिससे लोगों को कर्णप्रयाग और गोपेश्वर जाना पड़ रहा है। साथ ही पेंशनरों की पेंशन से पैसे कट रहे हैं, लेकिन उनके गोल्डन कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। दिव्यांगों के कार्ड नहीं बनने से वह सरकारी योजनाओं से वंचित हैं। ज्ञापन भेजने वालों में ब्लॉक प्रमुख प्रीती भंडारी, ज्येष्ठ उपप्रमुख पूरण नेगी, कनिष्ठ उप प्रमुख जयकृत बिष्ट, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कुंवर चौधरी, संतोष चौधरी, हर्षवर्द्धन चौहान मयंक पंत, माहेश्वरी रावत और भरत नेगी आदि शामिल रहे।