थराली। थराली क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने और यहां के काश्तकारों को फसलों एवं फल उत्पादों का उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर राज्य आंदोलनकारी भूपाल गुसाईं के नेतृत्व में किसानों ने तहसीलदार से मुलाकात की। उन्होंने सूखे से हो रही समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने कहा कि पिछले पांच माह से थराली क्षेत्र में बारिश न हाेने से जौ, मटर, सब्जी और फल के पौधे सूख गए हैं। गेहूं और मसूर की 90 प्रतिशत फसल सूखकर बरबाद हो चुकी है। यहां पर लोगों की आजीविका का साधन खेती है लेकिन फसल सूखने से काश्तकारों के सामने रोजी-रोटी की समस्या हो गई है। उन्होंने राजस्व विभाग के माध्यम से सूखे का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। कहा कि सूखे के कारण काश्तकार मायूस हैं। सरकार को किसानों की उचित सहायता करनी चाहिए। इस दौरान जयसिंह बिष्ट, जयराम, महिपाल सिंह, रमेशचंद्र, कालिका प्रसाद, जगदीश प्रसाद, बलवंत सिंह, खड़ग सिंह और अमर सिंह आदि मौजूद थे। संवाद