थराली। कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे पर सिमलसैंण में पहाड़ी से मलबा आने के कारण तीन घंटे तक वाहनों आवाजाही बंद रही। ऐसे में गढ़वाल एवं कुमाऊं के क्षेत्रों को आने जाने वाले 60 से अधिक वाहन फंसे रहे। हाईवे खुला तो लोगों ने राहत की सांस ली।
सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे पर सिमलसैंण में पहाड़ी से अचानक मलबा और बोल्डर हाईवे पर आ गए। ऐसे में कर्णप्रयाग, श्रीनगर, गोपेश्वर, अल्मोड़ा, ग्वालदम सहित गढ़-कुमाऊं के विभिन्न हिस्सों को आने-जाने वाले लगभग 60 से अधिक छोटे-बड़े वाहन तीन घंटे तक दोनों तरफ फंसे रहे। बीआरओ ने जेसीबी लगाकर दोपहर दो बजे हाईवे खोल दिया। हाईवे खुलने के बाद सैकड़ों लोगों ने राहत की सांस ली और अपने गंतव्य को रवाना हुए। वहीं राजस्व उपनिरीक्षक जगदीश गैरोला ने बताया कि दोपहर दो बजे हाईवे खोल दिया गया था।