गैरसैंण। मूसलाधार बारिश से रोहिड़ा के झोड़ूसिमार तोक में मकान के ऊपर भूस्खलन हो गया। मलबे में दबकर महिला की मौत हो गई जबकि घर के सदस्यों ने भागकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची प्रशासन की टीम ने महिला का शव निकालकर उपजिला अस्पताल कर्णप्रयाग भेज दिया।
नायब तहसीलदार महेंद्र आर्य ने ग्रामीणों के हवाले से बताया कि करीब रात आठ दीपा देवी (26, पत्नी राकेश भारती) ने सास, ससुर और अपने तीन साल के बच्चे को खाना दिया। इसके बाद दूसरे कमरे में यह देखने गईं कि बारिश का पानी कमरे में तो नहीं आ गया। तभी उस कमरे पर भूस्खलन हुआ और दीपा देवी मलबे में दब गईं। भूस्खलन की आवाज सुनकर दीपा के सास, ससुर अपने पोते को पकड़कर कर किसी तरह बाहर भागे और जान बचाई। सूचना पर पहुंची प्रशासन की टीम ने मलबे से दीपा देवी का शव बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि मृतका का पति राकेश भारती रामनगर में प्राइवेट नौकरी करता है। एनटी महेंद्र आर्य ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर पीड़ित परिवार की मदद की जाएगी। संवाद
इंसेट
मकान की छत तोड़कर घर में घुसा बोल्डर, मलबा, बाल-बाल बची प्रियंका
गैरसैंण। रोहिड़ा में बुधवार रात को भारी बारिश के दौरान अचानक कमला देवी के मकान की छत तोड़ कर बोल्डर और मलबा कमरे में घुस गया। वहां पढ़ाई कर रही प्रियंका (कक्षा आठ की) ने तुरंत बाहर भागकर जान बचाई। रोहिड़ा की प्रधान आशा देवी ने कहा कि कमला देवी के पति का पहले ही निधन हो चुका है। उन्होंने शासन-प्रशासन से नुकसान का जायजा लेकर शीघ्र प्रभावित को उचित सहायता देने की मांग की। संवाद
मकान की छत उड़ी, टैक्सी पर गिरा पेड़
कर्णप्रयाग। तेज आंधी और बारिश से नगर के अपर बाजार में अनिल खंडूड़ी के मकान की छत उड़ गई। पीड़ित परिवार को पड़ोसियों के घर में शरण लेनी पड़ी। वहीं आईटीआई वार्ड में राजेंद्र कुमार की गोशाला क्षतिग्रस्त हो गई जिससे मवेशी घायल हो गए।
वहीं मुख्य बाजार में दो से अधिक पीपल के पेड़ों की मोटी टहनियां टूटकर शिव मंदिर और आसपास आ गिरीं। जबकि सिमली में पेड़ टूटने से चंडिका मंदिर को आंशिक नुकसान पहुंचा। प्राथमिक विद्यालय स्वर्का और चूलाकोट में पेड़ टूटने से स्कूल भवनों को क्षति पहुंची। धारडुंग्री-मैखुरा-सोनला स्टेट हाईवे पर एक टैक्सी क्षतिग्रस्त हो गई। कांचुला निवासी हर्षवर्धन डिमरी ने बताया कि वो रोज अपनी टैक्सी कार सड़क किनारे खड़ी करते थे। आंधी और बारिश से पेड़ उनकी कार पर आ गिरे और कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार रोजगार का एक मात्र साधन था। एसडीएम संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि विभाग की ओर से क्षति का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। संवाद
-
फोटो
अस्पताल, स्कूल में घुसा मलबा, खेल मैदान मलबे से पटा
गैरसैंण/गौचर/थराली/आदिबदरी। बारिश के कारण मेहलचौंरी में रामंगगा में मिलने वाली मैगाड़नदी ने कई जगहों पर भारी नुकसान पहुंचाया। मैगाड़नदी में उफान आने से मलबा मेहलचौंरी के सरकारी अस्पताल, विद्या मंदिर स्कूल में जा घुसा और खेल मैदान मलबे से पट गया। अस्पताल में मलबा घुसने से दवा और अन्य सामान बरबाद हो गया। बृहस्पतिवार को चिकित्साधीक्षक डाॅ. अर्जुन रावत ने अस्पताल का जायजा लिया। स्थानीय मंगल सिंह ने बताया कि नदी के उफान से भारी नुकसान हुआ है। वहीं गौचर में मेला मैदान से भारी मात्रा में बारिश का पानी स्टेट बैंक की सड़क से होते हुए हाईवे पर आ गया जिससे हाईवे क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं गैरसैंण के ग्राम पंचायत मूसौं में भी खेत बह गए। क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र आर्य, पदम सिंह लवीर मेहरा आदि ने शासन-प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेकर राहत दिलाने की मांग की। वहीं आदिबदरी में झंगोरे सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। संवाद