कर्णप्रयाग के एक होटल के कमरे में हिंडोलाखाल के युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला तोड़कर शव कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया कि युवक 12 नवंबर से लापता था।
जितेंद्र प्रसाद (32) पुत्र बालेंद्र दत्त, निवासी ग्राम-भद्रासू लिंग्वाना, हिंडोलाखाल, जिला-टिहरी गढ़वाल वाले ने सोमवार को नगर में बदरीनाथ हाइवे के पास होटल में कमरा किराए पर लिया था। जब मंगलवार शाम तक वह कमरे से बाहर नहीं आया तो होटल संचालक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का ताला तोड़कर दरवाजा खोला तो युवक का शव चादर से बाथरूम के रोशनदान से फांसी पर लटका मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष राकेश गुसाईं ने बताया कि कमरे की तलाशी लेने पर मिले कागजातों और मोबाइल नंबर के आधार पर मृतक के घर का पता चला और सूचना परिजनों को दी गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह 12 नवंबर से लापता चल रहा था। हिंडोलाखाल में 14 नवंबर को युवक की गुमशुदगी की तहरीर दी गई थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइट नोट मिला, जिसमें युवक ने मौत का जिम्मेदार खुद को बताया।