यूपी पुलिस के एक कांस्टेबल के उत्तराखंड पुलिस के कांस्टेबल की वर्दी खींचने पर पुलिस एक्ट में चालान किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार रात को यहां एक हेयर कटिंग की दुकान के बाहर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। इसे देख वहां से गुजर रहे यूपी पुलिस के जवान से रहा नहीं गया और वह बीच-बचाव में उतर गया।
विविद की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस के दो जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से मामले की जानकारी लेनी चाही तो यूपी पुलिस का कांस्टेबल उनसे देर से मौके पर पहुंचने की बात कहते हुए उलझने लगा। आरोप है कि उसने एक कांस्टेबल की वर्दी भी खींच डाली। थानाध्यक्ष कविंद्र शर्मा ने बताया कि यूपी पुलिस के कांस्टेबल का 81 पुलिस एक्ट में चालान कर दिया गया है।