निजमुला घाटी से अवैध रूप से ले जाई जा रही चीड़ की लकड़ी को कब्जे में लेकर पुलिस ने चालक और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। लकड़ी ट्रक में सूखी घास के नीचे छुपाकर ले जाई जा रही थी। बरामद लकड़ी की कीमत करीब पचास हजार रुपये आंकी गई है।
बुधवार रात सघन जांच अभियान के दौरान चमोली की ओर से सूखी घास लेकर आ रहे ट्रक को पुलिस ने यहां पोस्ट ऑफिस के पास रोक लिया। तलाशी लेने पर घास के नीचे चीड़ की लकड़ियां दिखीं। इसमें 40 कड़ी और 62 तख्ते थे।
पुलिस टीम ने लकड़ी ले जाने के लिए वन विभाग की ओर से जारी कागजात मांगे, लेकिन कोई कागज नहीं मिलने पर पुलिस ने ट्रक चालक राजेंद्र सिंह और वाहन में मौजूद हसन नजार को गिरफ्तार कर लकड़ियों से भरे वाहन को सीज कर दिया। पुलिस अधीक्षक प्रीति प्रियदर्शिनी ने कहा कि जनपद में लकड़ी तस्करी और अवैध खनन में लिप्त वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान जारी रहेगा। ब्यूरो