अहिरौली थानाक्षेत्र के मीरानपुर खजावां में एक ग्रामीण ढोंगी लोगों का शिकार हो गया। इससे उसे करीब 50 हजार रुपये की चपत लगी है। पीड़ित ने अहिरौली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के मुताबिक एक दिन पहले 6 अप्रैल को उसके घर दो बाबा आए और पारिवारिक कष्टों को दूर करने के लिए पूजन अर्चन करने को बताया। पूजन-अर्चन के दौरान उसके करीब 5 सोने व चांदी के आभूषण लेकर भाग गए।
पीड़ित घनश्याम के मुताबिक बुधवार मध्याह्न करीब एक बाइक से दो बाबा उसके घर पहुंचे। परिवारीजनों को पारिवारिक कष्ट से मुक्ति दिलाने आदि का झांसा दिया। कहा कि यदि वह पूजन करा लेता है तो उसके जीवन में जल्द ही खुशहाली आएगी। इसके अलावा अक्सर बीमार रहने वाली उसकी पत्नी को भी राहत मिलेगी।
वह और उसके परिवारीजन बाबा के कहने पर आ गए। पूजन अर्चन हुआ। इसके बाद बाबा ने कहा कि पूरा परिवार घर से करीब 200 मीटर दूर जाकर जल चढ़ाए और पूजन अर्चन करे। पूजन के दौरान उसकी पत्नी के पास मौजूद सभी आभूषण भी पूजा स्थल पर रखवा लिए गए थे।
बताया जाता है कि जैसे ही घनश्याम अपनी पत्नी बच्चे के साथ घर से जल चढ़ाने के लिए गांव से बाहर निकला। इसी बीच दोनों बाबा आभूषण समेत पूजन के दौरान चढ़ाई गई नकदी लेकर भाग गए।
जल चढ़ाने के बाद जब घनश्याम परिवार के साथ लौटा तो बाबाओं को नदारद देख सन्न रह गया। पूजा स्थल पर रखा आभूषण व नकदी आदि भी नदारद था। पीड़ित ने पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।