पोखरी। बड़ी योजनाओं को छोटी-छोटी निविदा से कराने, 10 करोड़ तक के काम उत्तराखंड के मूल निवासी ठेकेदाराें से कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे ठेकेदारों ने तीसरी बार निविदाओं का बहिष्कार किया। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक वे निविदाओं का बहिष्कार जारी रखेंगे।
नागभूमि ठेकेदार यूनियन समिति पोखरी के बैनर तले ठेकेदार 19 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलित हैं और उन्होंने सरकारी निविदाओं का बहिष्कार किया है। सोमवार को लोक निर्माण विभाग पोखरी की ओर से जिला योजना के तहत जारी निविदाओं का बहिष्कार किया गया। ठेकेदारों के बहिष्कार से कई निर्माण कार्य रुके हुए हैं। सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का काम हो या अन्य तरह के निर्माण कार्य सभी पर इसका असर पड़ रहा है। ठेकेदार महावीर बासकंडी, विजयपाल रावत, बीरेंद्रपाल भंडारी, शरद बुटोला, देवेंद्र प्रकाश रावत, उमेद सिंह, रणजीत बर्त्वाल, जगदीश नेगी आदि ने कहा कि सरकार को उनकी मांगों पर जल्द से जल्द निर्णय लेना चाहिए। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती वे निविदाओं का बहिष्कार वापस नहीं लेंगे। संवाद