ठग ने खुद को सेना में बताया था नायब सूबेदार
मृतक के पिता से मिलकर मदद की कही बात, तीन ब्लैंक चेक लिए
संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणबगड़। एक व्यक्ति ने खुद को सेना का नायब सूबेदार बताया और मृतक सैनिक के परिवार को मदद दिलाने के नाम पर उनके खाते से 80 हजार रुपये ठग लिए। मामले का पता तब चला जब ठग ने 1 लाख रुपये निकालने के लिए बैंक में चेक लगाया। बैंक ने खातेदार से जब संपर्क किया तो उसे ठगे जाने का एहसास हुआ। मृतक के पिता ने ठग के विरुद्ध राजस्व पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की।
चिरखून गांव के भरत सिंह ने तहरीर में बताया कि उनके सैनिक बेटे कीरत सिंह की मृत्यु 22 अप्रैल 2024 को बीमारी से हो गई थी। बीते जून माह में वीरेंद्र सिंह नाम के व्यक्ति ने उनसे संपर्क कर अपने को नायब सूबेदार और लैंसडौन में तैनात होना बताते हुए कहा कि हमारी सोसायटी मृतक सैनिकों के परिवारों की मदद करती है। सोसायटी आपके परिवार की मदद करना चाहती है। इस पर बिरेंद्र सिंह ने उन्हें नारायणबगड़ बुलाया और उन्हें पुत्र के सेना से संबंधित दस्तावेज और फोटो दिखाए। मदद के नाम पर होने वाले खर्च का हवाला देते हुए वीरेंद्र ने उनसे 3 ब्लैंक चेक हस्ताक्षर कर ले लिए। ठग ने 26 और 27 जून को अलग-अलग नाम से 30 हजार और 50 हजार की रकम खाते से निकाल ली। जब उसने 1 लाख का चेक बैंक में लगाया तो बैंक ने भरत सिंह को फोन कर इस संबंध में पूछा। तब भरत सिंह को इस ठगी का एहसास हुआ और उसे चेक जारी करने से मना कर दिया। वहीं तहसीलदार डीएस नेगी ने राजस्व उपनिरीक्षक जाखपाटियूं को मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं।