जान बचाने के लिए पत्थरों और लाठी डंडों से हमला किया तो भालू ने एक युवक को झाड़ियों में फेंका
दो युवक गंभीर घायल, एक चोटिल, हल्ला मचाया तो जंगल की ओर भागे भालू
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। नंदानगर ब्लॉक के एक गांव में रिश्तेदारी में जा रहे तीन युवकों पर तीन भालुओं ने हमला कर घायल कर दिया। युवकों ने जान बचाने के लिए भालुओं पर पत्थरों और लाठी डंडों से हमला किया तो एक युवक को भालू ने दूर झाड़ी में फेंक दिया, जबकि दो युवकों को घायल कर दिया। तीनों युवकों ने हल्ला मचाना शुरू किया तो भालू जंगल की ओर भाग गए। अन्य ग्रामीणों ने दोनों घायलों को सीएचसी नंदानगर में प्राथमिक उपचार के बाद 108 सेवा वाहन से जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती कराया। क्षेत्र में भालुओं के आबादी क्षेत्र में आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
लांखी गांव के राकेश लाल (21) पुत्र दुलपी लाल, दिनेश लाल (26) पुत्र रणजीत लाल और गुमानी लाल (33) पुत्र जशमु लाल मंगलवार शाम को रिश्तेदारी में कठूड़ा गांव जा रहे थे। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर कठूड़ा तोक में झाड़ियों में छिपे तीन भालुओं ने उनपर हमला कर लिया। राकेश और दिनेश के हाथ और पांवों पर भालुओं के नाखुनों के गहरे निशान पड़ गए हैं। जबकि गुमानी लाल को एक भालू ने दूर झाड़ियों में फेंक दिया। दोनों युवकों के चिल्लाने पर भालू जंगल की ओर भाग गए। इसके बाद गुमानी लाल को ढूंढा तो वह करीब आधा घंटे बाद झाड़ियों में मिला। गुमानी लाल ने बताया कि तीन भालू अचानक झाड़ियों से निकलकर उनके सामने आ गए थे। भालुओं ने उन पर हमला किया तो उन्होंने पत्थरों और लाठी डंडों से उन पर वार कर दिया। हल्ला मचाने पर भालू भाग गए। शोर शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग धनिक ने बताया कि घायलों का उपचार किया जा रहा है।
इंसेट
नंदानगर के गांवों में भालुओं की दहशत
नंदानगर। ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों भालुओं की दहशत मची है। शाम होते ही भालू आबादी क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। दहशत के कारण महिलाएं दिन में भी खेतों में नहीं जा पा रही हैं। लांखी गांव के सरपंंच गुड्डू राम, रणजीत लाल और दुलपी लाल ने कहा कि एक माह पूर्व गांव के चंद्र सिंह पर भी भालू ने हमला कर गंभीर घायल कर दिया था। अभी तक उनका उपचार चल रहा है। उन्होंने वन विभाग से भालुओं की दहशत से निजात दिलाने की मांग की। संवाद