पीपलकोटी (चमोली)। बदरीनाथ हाईवे पर ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य पीपलकोटी के साथ ही मायापुर, गडोरा और गढ़ी बाजार के लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। कार्यदायी संस्था एनएचआईडीसीएल की ओर से यहां चौड़ीकरण कार्य तो पूरा कर लिया है लेकिन डामरीकरण कार्य छोड़ दिया गया है। ऐसे में यहां दिनभर वाहनों की आवाजाही से धूल उड़ती रहती है जो दुकानों में घुस जाती है। ऐसे में दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान बंद करने पड़ रहे हैं।
निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश बंडवाल, विनोद सिंह रावत, कुंदन सिंह, तारा दत्त थपलियाल, पुष्कर कठैत और भावना देवी ने कहा कि दो साल से पीपलकोटी क्षेत्र में ऑलवेदर रोड परियोजना का काम पूरा नहीं हुआ है। साथ ही यह यात्रा पड़ाव भी है। इधर, एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन से डामरीकरण की अनुमति ली जा रही है। यात्रा शुरू होने से पहले डामरीकरण कार्य कर दिया जाएगा।